Breaking News

चतुरी चाचा के प्रपंच चबूतरे से…तब तलक कोरोउना पीछा गहे रही!

नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान

चतुरी चाचा आज अपने प्रपंच चबूतरे पर गम्भीर मुद्रा में बैठे थे। उनसे थोड़ी दूर पर मुन्शीजी, कासिम चचा, ककुवा व बड़के दद्दा विराजमान थे। मेरे पहुंचते ही चतुरी चाचा बोले- कोरोना होली को बदरंग करने आ गया है। सब लोग होली के हुड़दंग से दूर रहिए। गीले रंगों से परहेज करिए। सिर्फ अमीर-गुलाल से होली खेलिए।

किसी के गले मिलने के बजाय हाथ जोड़कर दूर से ही नमस्ते करिए। बिना मॉस्क घर के बाहर कदम न रखिए। बाजार-हाट में लोगों से दो गज दूर रहिए। साथ ही, आप सब समय-समय पर हाथ जरूर धोते रहिए। कोरोना को हल्के में कतई मत लीजिए। क्योंकि, नया कोरोना उन्हें भी संक्रमित कर रहा है, जिनके शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बड़ी मजबूत है।

ककुवा बोले- चतुरी भाई सही कह रहे हो। कुछु महीने ते लोग एकदम लापरवाह होय गए। तबहिन कोरोउना फिरि ते जोर पकरि लिहिस। कोरोउना बीच मा ठंडाय गवा रहय। काहे ते सब जने मॉस्क अउ दुई गज केरी दूरी केरा पालन करत रहयँ। हमका लगात हय कि जब तलक सगरी आबादी का टीका न लागि जाई, तब तलक कोरोउना पीछा गहे रही। इहकी दवा बसि मॉस्क अउ दुई गज केरी दुरिन हय। हम तौ भाई टीका लगवाय लेहन। तबहुँ अपने मुंह पय अंगौछा कसे रहित हय। सब जने कोरोउना ते सावधान रहयँ। सरकारी नियम केरा पालन करयँ। काहे ते अब जौ बंदी भई तौ बड़ी तबाही मचि जाई। देश 10-15 बरस पीछे चला जाई।

चतुरी चाचा

मुन्शीजी ने विषय परिवर्तन करते हुए कहा- अब राजनीति बड़ी गन्दी होती जा रही है। पश्चिम बंगाल में पूरी राजनीति रक्तरंजित है। बिहार की विधानसभा में उस दिन विपक्षी विधायकों ने बड़ा शर्मनाक काम किया। बाद में पुलिस ने सदन में घुसकर विधायकों को पकड़ कर बाहर लाई। कुछ विधायकों के साथ मारपीट भी हुई। महाराष्ट्र में गृहमंत्री पर मुंबई के पुलिस कमिश्नर ने 100 करोड़ की धन उगाही का बड़ा आरोप लगाया है। ऐसे ही अन्य कई राज्यों में राजनीति की गन्दगी उफान पर है। राजनीति में धनबल, बाहुबल का जब से घालमेल हुआ है, तब से राजनीति में भ्र्ष्टाचार भी घुस गया है। ग्रामसभा से लोकसभा तक की राजनीति में भ्र्ष्टाचार का दीमक लग गया है। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीतिक भ्र्ष्टाचार पर किसी हद तक अंकुश लगाया है।

इसी बीच चंदू बिटिया गर्मागर्म गुझिया, पानी, कुल्हड़ वाली स्पेशल चाय व चिप्स-पापड़ लेकर आ गई। हम सबने स्वादिष्ट गुझिया ख़ाकर पानी पीया। फिर अदरक-तुलसी वाली कड़क चाय के साथ कुरकुरे चिप्स-पापड़ खाये। चंदू बिटिया जब खाली ट्रे लेकर घर जाने लगी, तब ककुवा उसे सौ-सौ की दो नोटें थमाकर बोले- पोती, सौ रुपये तुम लय लेहो अउ सौ अपनी मम्मी का दै दिहो। बहुरिया ते कह दिहो कि गुझिया बड़ी नीकी बनाईन हय। चंदू बिटिया ट्रे और रुपए लेकर फुर्र हो गयी। ककुवा ने बताया- हमरी तौ पाँच दिन पहिले भैंस खुटाय गई। आजु बाजार ते खोआ खरीद कय आई। होली तापि कय राति मा गुझिया बनिहै।
कासिम चचा ने यूपी के पँचायत चुनाव की चर्चा करते हुए कहा- नया आरक्षण आने के बाद चुनाव की अधिसूचना भी जारी हो गयी। इस बार ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य पद और ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवारों को प्रचार के लिए ज्यादा समय नहीं मिल है। प्रदेश में चार चरणों अर्थात 15, 19, 26 व 29 अप्रैल को मतदान होगा। आगामी दो मई को मतगणना होगी। इसके बाद 25 मई तक क्षेत्र पँचायत व जिला पँचायत अध्यक्ष पद का भी चुनाव हो जाएगा।

बड़के दद्दा ने कासिम चचा की बात को ही आगे बढ़ाते हुए कहा- दरअसल, आरक्षण बदल जाने से कई लोग बिना चुनाव लड़े ही पराजित हो गए। पहले आरक्षण में सीट कुछ थी। दोबारा आरक्षण में सीट कुछ हो गयी। इससे कहीं खुशी है तो कहीं गम है। हर बार की तरह इस बार भी पँचायत चुनाव में धनबल और बाहुबल का भरपूर उपयोग हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा दुरूपयोग ब्लॉक प्रमुख व जिला पँचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में होगा। सरकार को चाहिए कि जिला पँचायत एवं क्षेत्र पँचायत अध्यक्ष पद का चुनाव जनता से कराए। उधर, पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का घमासान चल रहा है। पश्चिम बंगाल व असम में कल पहले चरण का मतदान हो गया। भाजपा और विपक्ष ने इन चुनावों को नाक का सवाल बना लिया है। सत्तापक्ष व विपक्ष चुनाव जीतने के लिए हर हथकंडा अपना रहा है।

चतुरी चाचा

अंत में चतुरी चाचा ने सभी परपंचियों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुझसे कोरोना अपडेट देने की बात कही। हमने सबको बताया कि विश्व में अबतक 12 करोड़ 61 लाख 92 हजार से अधिक लोग कोरोना से पीड़ित हो चुके हैं। इसमें 27 लाख 68 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह भारत में अबतक एक करोड़ 19 लाख से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इसमें एक लाख 61 हजार से अधिक लोगों को कोरोना निगल चुका है। महाराष्ट्र की स्थिति सबसे बुरी है। वहां अनेक जिलों में लॉकडाउन लगा है। केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली व उत्तर प्रदेश इत्यादि राज्यों में भी कोरोना संक्रमण काफी बढ़ गया है। उधर, भारत सरकार ने एक अप्रैल से 45 साल के ऊपर वाले सभी नागरिकों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त देने की घोषणा कर दी है। निजी अस्पतालों में कोरोना टीके की दोनों खुराक लेने के लिए एक हजार रुपये चुकता करने होंगे। इसी के साथ आज का प्रपंच समाप्त हो गया। मैं अगले रविवार को चतुरी चाचा के प्रपंच चबूतरे पर होने वाली बेबाक बतकही लेकर हाजिर रहूँगा। तबतक के लिए पँचव राम-राम!

About Samar Saleel

Check Also

कहीं आप भी तो बाल धोते वक्त नहीं करते ये गलतियां ? अगर हां तो संभल जाएं, वरना होगा हेयर फॉल

आज के समय में बिगड़ी हुई लाइफस्टाइल और खराब खानपान की वजह से लोगों के ...