लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ द्वारा आधिकारिक फ़ेसबुक व यूटूब चैनल @uprkms पर रविवार शाम 4 बजे लाइव जनसंवाद के लिए उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को आमंत्रित किया गया। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश कुमार पाण्डेय व जवाहर भवन इंदिराभवन कर्मचारी महासंघ के महामंत्री व लखनऊ जनकल्याण महामंच के प्रवक्ता सुशील कुमार बच्चा ने कर्मचारी ने कोरोना की वजह से होने वाले कर्मचारियों की मृत्यु के प्रति सरकार को ध्यान देने के लिए कहा व उनके आश्रितों के प्रति मुआवजे के लिए भी अपना पक्ष रखा।
प्रदेश अध्यक्ष सतीश कुमार पाण्डेय ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों, पुरानी पेंशन बहाली, अनुदेशक शिक्षकों के मानदेय की तरफ़ भी उपमुख्यमंत्री को ध्यान देने के लिए आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे महासंघ के मीडिया सलाहकार कवि क्षितिज कुमार ने उपमुख्यमंत्री व प्रसिद्ध हास्य कवि सर्वेश अस्थाना जो कि सर्च फ़ाउंडेशन के माध्यम से ग़रीब बच्चों को शिक्षा देते हैं, से भारतीय शिक्षा प्रणाली और पाश्चात्य शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।
उपमुख्य मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कर्मचारियों से जुड़े हुए विषयों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। और प्रदेश की जनता व कर्मचारियों का उनमें विश्वास दिखाने के लिए आभार व्यक्त किया, व आश्वासन दिया की वह अपनी पूरी निष्ठा के साथ समाज के कार्य में समर्पित रहेंगे।
महामंत्री सुशील कुमार बच्चा ने महँगाई भत्ते की बहाली व निगमों की समस्या को प्रमुखता से रखा और हास्य कवि मुकुल महान की इस कविता के साथ कार्यक्रम का समापन किया-
ज़िंदगी में जब कभी घनघोर अँधियारा लगे,
सत्य का अस्तित्व भी जब झूठ के द्वारा लगे।
तुम न घबराना ज़रा भी स्वयं पर विश्वास रखना,
यह विवेकानंद का दर्शन हमेशा साथ रखना।
कार्यक्रम की सफलता पर महासंघ के प्रदेश संयोजक सुशील कुमार त्रिपाठी, महामंत्री राम राज दूबे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत सिंह यादव, प्रदेश महामंत्री उत्तर प्रदेश फ़ेडरेशन ऑफ़ मिनिष्ट्रीयल एसोशिएशन सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बधाई व शुभकामनाएँ प्रेषित की, और समस्त प्रदेश के कर्मचारियों ने महासंघ की इस पहल को उनके लिए वरदान बताया।