Breaking News

आत्मनिर्भरता हेतु स्वदेशीकरण

कोरोना संकट की परिस्थिति में नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान शुरू किया था। इसके दृष्टिगत केंद्र ने भारी आर्थिक पैकेज का भी ऐलान किया था। योगी आदित्यनाथ ने भी आत्मनिर्भर भारत अभियान में उत्तर प्रदेश के योगदान का निर्धारण कर दिया था। उन्होंने इसकी कार्ययोजना भी बना ली थी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी सामरिक क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की रणनीति पर कार्य शुरू किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसमें प्रदेश की भूमिका तय की है। इस दिशा में कारगर कदम उठाए जा रहे है।

योगी ने कहा कि आर्थिक दृष्टि से उत्तर प्रदेश में अपार सम्भावना है। प्रधानमंत्री ने दो वर्ष पहले यूपी इन्वेस्टर्स समिट का शुभारम्भ किया था। तभी उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर की स्थापना की घोषणा की गयी थी। यह एक ग्रीनफील्ड परियोजना है। राज्य सरकार द्वारा इस काॅरिडोर के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत उत्पादन की प्रक्रिया को बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रोत्साहन एवं छूट के प्राविधान किये गये हैं। सिंगल विण्डो की प्रक्रिया में रक्षा एवं एयरोस्पेस इकाइयों को भी सम्मिलित किया गया है।

इस क्रम में नेवल इनोवेशन एण्ड इण्डिजिनाइजेशन आर्गेनाइजेशन का शुभारम्भ किया गया।उन्होंने कहा कि नेवल इनोवेशन एण्ड इण्डिजिनाइजेशन आर्गेनाइजेशन की स्थापना से भारतीय सेना में नवाचार व स्वदेशीकरण को बढ़ावा मिलेगा तथा शैक्षिक समुदाय एवं उद्योग के मध्य बेहतर समन्वय बनेगा। कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सम्मिलित हुए।इस अवसर पर भारतीय नौसेना एवं उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वेज़ इण्डस्ट्रियल डेवलपमेंट अथाॅरिटी के मध्य एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया।

यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने हस्ताक्षर किये। इसके अलावा भारतीय नौसेना द्वारा रक्षा शक्ति यूनिवर्सिटी, गुजरात, मेकर विलेज, कोच्चि तथा एसआईडीएम नई दिल्ली के साथ भी एमओयू किया गया। भारतीय नौसेना की पुस्तक स्वावलम्बन का विमोचन भी किया गया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस वर्ष फरवरी में प्रदेश की राजधानी में इण्टरनेशनल डिफेंस एक्जीबिशन के ग्यारहवें संस्करण का सफल आयोजन किया गया। यह संस्करण अब तक आयोजित एक्जीबिशन्स में सबसे बड़ा था। निवेश की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ।

इस दौरान उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर में तेईस निवेशक कम्पनियों के साथ एमओयू किया गया। इससे काॅरिडोर में पचास हजार करोड़ रुपये का निवेश सम्भावित है। यह प्रदेश में औद्योगिक विकास तथा रोजगार सृजन की दिशा में एक बड़ा कदम है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आपदा को अवसर में बदलकर देश को आत्मनिर्भर बनाने का विजन प्रस्तुत किया। इस विजन को मूर्त रूप देने में नवाचार व स्वदेशीकरण की बड़ी भूमिका है। भारतीय सेना में स्वदेशीकरण लगातार बढ़ा है।

आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए सम्मिलित प्रयास किये जाने की आवश्यकता है। भारतीय नौसेना इस दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए नौसेना द्वारा राज्य सरकारों तथा निजी संस्थाओं के साथ सहयोग का आधार तैयार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में डिफेंस काॅरिडोर का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।

रिपोर्ट-डॉ. दिलीप अग्निहोत्री
डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

About Samar Saleel

Check Also

केजरीवाल की गिरफ्तारी को सही ठहराया, कहा- एक नेता और अपराधी में फर्क करना गलत

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की एक याचिका का विरोध करते ...