लखनऊ के बर्लिंगटन चौराहे का नामकरण 26 सितम्बर से अशोक सिंहल चौराहा हो जाएगा। नगर निगम लखनऊ की महापौर की अध्यक्षता में कार्यकारिणी द्वारा महानगर के 17 चौराहों का नाम परिवर्तन किया गया है। उसी घोषणा को मूर्त रूप देने के लिए पूर्वाह्न 11 बजे अशोक सिंहल चैराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। महापौर संयुक्ता भाटिया इस समारोह की अध्यक्षता करेंगी। श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव श्री चम्पत राय और राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
हजरतगंज का नामकरण अटल चौक पहले ही किया जा चुका है। बर्लिंगटन चौराहे को लम्बे समय से अंग्रेजी काल की दासता का प्रतीक माना जाता रहा है। इससे मुक्ति के लिए अनेक संगठन बहुत बार माँग करते रहे हैं। विश्व हिन्दू परिषद के अध्यक्ष रहे अशोक सिंहल इसी चौराहे के निकट स्थित भार्गव निवास में प्रायः रुका करते थे। स्वर्गीय पुरुषोत्तम भार्गव उनके घनिष्ठ मित्र थे।
महापौर संयुक्ता भाटिया का मानना है कि दासता के प्रतीक बर्लिंगटन चौराहे के नाम को परिवर्तित करना लखनऊ महानगर के जनमानस के लिए बहुत सुखदायी अनुभूति सिद्ध हुई है। नगर निगम कार्यकारिणी के इस निर्णय का स्वागत अभिनव भार्गव, सभासद हर्षित दीक्षित, पूर्व मंत्री गोपाल टण्डन, लखनऊ महानगर के भाजपा अध्यक्ष मुकेश शर्मा, पार्षद रजनीश गुप्ता, विहिप के प्रदेश अध्यक्ष कन्हैया लाल नगीना, महिला मोर्चा की कोषाध्यक्ष रेशू भाटिया, देवेन्द्र मिश्र, अरविन्द त्रिपाठी आदि ने किया है।
स्व. अशोक सिंहल की 96 वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में सीएमएस गोमती नगर विस्तार के सभागार में युगपुरुष अशोक सिंहल स्मरण एवं नमन समारोह का आयोजन किया गया है। यह समारोह अपराह्न चार बजे प्रारम्भ होगा। जिसे चम्पत राय के अतितिक्त राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉक्टर कृष्ण गोपाल, पूज्य स्वामी पर्मात्मानन्द सरस्वती, विहिप के दिनेश, राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रमुख रूप से सम्बोधित करेंगे। महानगर के अनेक विशिष्ट जनों को इस अवसर पर आमन्त्रित किया गया है। समारोह स्थल पर एक विशेष प्रदर्शनी भी दर्शायी जाएगी।