Breaking News

भाजपा के इस नेता ने नीतीश कुमार को बताया ‘थका चेहरा’ , जेडीयू भड़की

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के विधान पार्षद संजय पासवान द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘थका चेहरा’ और ‘पुराना चेहरा’ बताने पर जद-यू भड़क गया है। जनता दल-यूनाइटेड ने भाजपा नेतृत्व से ऐसे ‘बड़बोले’ नेताओं पर कार्रवाई करने तक की मांग कर दी है। भाजपा के नेता पासवान ने कहा था कि बिहार के लोग एक भाजपा नेता को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि झारखंड वाली स्थिति बिहार में नहीं है। बिहार में भाजपा किसी भी राज्य से और यहां के अन्य दलों से मजबूत और सक्रिय पार्टी है।

उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार का चेहरा अब पुराना हो गया है। बिहार के लोग अब थके नीतीश कुमार की जगह भाजपा का मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं।

पासवान के इस बयान को हालांकि भाजपा के प्रवक्ता निखिल आनंद ने व्यक्तिगत बयान बताया परंतु जद-यू इस बयान को लेकर भडक गई है।

जद-यू के महासचिव क़े सी. त्यागी ने कहा कि पार्टी नेतत्व को ऐसे बयानों पर संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह ऐसे बयानों पर संज्ञान लेंगे और आगे से इस तरह के बयान पर रोक लगाएंगे।

त्यागी ने कहा कि अमित शाह ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि राजग बिहार में विधानसभाा का चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा। ऐसी ही बातें राजग में शामिल लोजपा के अध्यक्ष चिराग पासवान और पूर्व अध्यक्ष रामविलास पासवान भी दोहरा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि जद-यू के किसी नेता ने अब तक भाजपा के नेतृत्व पर नकारात्मक टिप्पणी नहीं की है, ऐसे में भाजपा को भी इससे बचना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता संजय पासवान ने बुधवार को यहां पत्रकारों के साथ चर्चा करते हुए इशारों ही इशारों में भाजपा को अकेले चुनाव मैदान में उतरने की सलाह देते हुए कहा था कि हम बिहार में अकेले चुनाव जीतने में सक्षम हैं।

गौरतलब है कि बिहार में भाजपा, जद-यू और लोजपा गठबंधन की सरकार चल रही है, जिसका नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे हैं।

About Aditya Jaiswal

Check Also

उत्‍तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने कार्य प्रगति की समीक्षा की

• स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की समीक्षा • ग्रीष्मकालीन भीड़ की व्यवस्थाओं पर बल • ...