साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान राजनीति में उतरी बॉलीवुड अदाकार उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा है कि मुंबई कांग्रेस में बड़े लक्ष्य पर काम करने के स्थान पर अपने निजी स्वार्थ के लिए पार्टी की आंतरिक राजनीति का हिस्सा मैं नहीं बन सकती। मेरी राजनीतिक और सामाजिक संवेदनाएं ऐसा करने की मुझे अनुमति नहीं देती।
बता दें कि उर्मिला मातोंडकर ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर उत्तरी मुंबई सीट से बतौर सांसद उम्मीदवार चुनाव लड़ा था। जिसमें वो हार गईं थी। अपनी हार का जिम्मेदार उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं को ठहराया था। उन्होंने तत्कालीन मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा को खत लिखकर कांग्रेस नेताओं की शिकायत की थी।
उन्होंने कहा था कि स्थानीय नेताओं की कमजोर प्लानिंग और कार्यकर्ताओं में काबीलियत न होने के चलते उनको हार का सामना करना पड़ा। उर्मिला के इस पत्र का जवाब देते हुए उत्तरी मुंबई से कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सूत्राले ने कहा था कि सभी नेताओं ने मिलकर चुनाव प्रचार के लिए काम किया था। सभी ने उनको जिताने के लिए पुरजोर कोशिश भी की थी।