Breaking News

औरैया हादसा : यमुना नदी में डूबी चौथी लड़की का शव बरामद

औरैया। जिले के अयाना क्षेत्र में यमुना नदी के पानी में खड़े होकर सैल्फी लेते समय पैर फिसलने से डूबी चौथी लड़की का शव गोताखोरों ने आज सुबह एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले तलाश कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार सुबह बताया कि गोताखोरों व मछुआरों द्वारा आज अलसुबह शुरू किए गए सर्च आपरेशन में चौथी लापता लड़की कल्पना ( 20) का भी शव बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बीती देर रात्रि तेज आंधी पानी व यमुना के तेज बहाव के कारण सर्च आपरेशन को रोकना पड़ा था, आज सुबह फिर से शुरू किए गए सर्च आपरेशन के दौरान करीब 6:33 बजे लापता कल्पना का भी शव तलाश कर लिया गया है।

बताया कि अयाना क्षेत्र के गांव फरिहा निवासी सुरेश कुमार राठौर के बेटे दीपक का सोमवार को तिलक आया था और बुधवार (आज) को उसकी बारात इटावा जिला के गांव बौराइन में चन्द्रपाल राठौर के यहां जानी थी। शादी के घर में खुशियों को माहौल था और जिसमें शामिल होने के लिए रिश्तेदारी अहेरीपुर इटावा से कीर्ति (22) व आकांछा (20) फफूंद से तनु (18) एवं दिल्ली निवासी विपिन की पत्नी प्रियंका आयीं हुईं थीं। जिन्होंने कल सुबह सुरेश के भाई रमेश की पुत्री कल्पना (20) के साथ यमुना नदी में नहाने जाने की योजना बनाई पर परिजनों ने रोक दिया।

इसके बाद शाम करीब 04 बजे प्लान बनाकर घर पर मंदिर जाने की बात कहकर कीर्ति, आकांक्षा, तनु, कल्पना व प्रियंका अपनी छोटी सी बच्ची आरोही के साथ यमुना नदी पर पहुंच गयीं थीं। जहां यमुना के पानी में खड़े होकर सेल्फी लेते वक्त कीर्ति पानी के बहाव के साथ बहने लगी तो साथ की तीन अन्य लड़कियां भी उसे बचाने के प्रयास में पानी के तेज बहाव में आकर डूबने लगीं। वहीं पहले प्रियंका ने भी साथी लड़कियों को बचाने का प्रयास किया मगर तभी उसे अपनी बच्ची आरोही यमुना नदी में उतरते दिखी तो वह उसको बचाने के लिए किनारे की तरफ दौड़ी। तब तक चारों लड़कियां यमुना नदी में डूब गई। अगर बच्ची यमुना की तरफ ना आती तो शायद प्रियंका भी यमुना नदी में डूब जाती।

बताया गया कि घटना की जानकारी प्रियंका ने परिजनों व ग्रामीणों को दी। जिसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों भोलू सेंगर, भानु, रज्जू, विशाल, रामप्रकाश, रतिराम व चंदन निवासी फरिहा, महादेव व चंदन आगरा एवं क्रांति निवासी मुंगेर व मछुआरों की मदद से बीती‌ देर रात्रि तक तीन लड़कियों तनु, कीर्ति व आकांक्षा के शवों को तलाश कर लिया गया था। एक शव बचा था जिसे आज सुबह एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले तलाश कर लिया गया है, जिस कारण टीम घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही वापस लौट गयी। पुलिस ने चारों लड़कियों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बारात के दिन घर से निकली अर्थियां : फरिहा निवासी सुरेश कुमार राठौर के बेटे दीपक का सोमवार को तिलक आया था और बुधवार (आज) को उसकी बारात इटावा जिला के गांव बौराइन में चन्द्रपाल राठौर के यहां जानी थी। शादी के घर में खुशियों को माहौल था और जिसमें शामिल होने के लिए रिश्तेदारी से आयीं कीर्ति, आकांछा, तनु व सुरेश की भतीजी कल्पना की यमुना नदी में डूबने से मौत हो जाने के कारण शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम छा गया। चार-चार शवों के एक साथ उठने से परिजनों व रिश्तेदारों में जहां कोहराम मचा था वहीं पूरे गांव में गमगीन माहौल के साथ सन्नाटा पसरा दिखा।

शादी के गीतों के बीच सुनाई दिया करूण क्रंदन : लड़कियों के डूबने की खबर पर शादी के घर में ढ़ोलक की थाप पर चल रहे गीतों की ध्वनि, मातम और रोने की आवाजों में तब्दील हो गई, चारों ओर करूण क्रंदन ही सुनाई दिया। रिश्तेदारों के रात्रि में ही अपने घर पर वापस चले जाने से मंडप वीरान सा नजर आने लगा।
मृतक कल्पना बीएससी द्वितीय की छात्रा थी। एक माह पहले उसके पिता रमेश कुमार की मृत्यु हो गई थी और अब कल्पना की मौत की खबर से उसकी माँ कांति देवी पागल सी हो गयी। कल्पना पाँच भाई बहन थे जिसमें दो बहनों की शादी हो चुकी थी और दोनों भाई कल्पना से छोटे हैं।

अहेरीपुर निवासी मृतका कीर्ति पाँच बहन एक भाई थे जिसमें तीन बहनों की शादी हो चुकी थी। माँ शकुन्तला देवी का रो रो कर हुआ बुरा हाल। अहेरीपुर निवासी आकांक्षा दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। बेटी की मौत से माँ नीलम सदमे में पहुँच गयी। फफूंद निवासी तनु इंटर की छात्रा थी। वह भी दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी, माँ सुधा और भाइयों का रो रो कर बुरा हाल है। भाइयों की कलाई सूनी कर चली गयी तनु और आकांक्षा।

रिपोर्ट-शिव प्रताप सिंह सेंगर

About Samar Saleel

Check Also

भगवान गणेश के विधिवत पूजन अर्चन के साथ हुआ 173 पूर्वी विधानसभा चुनावी कार्यालय का उद्घाटन

लखनऊ। भगवान गणेश की विधिवत पूजा अर्चना के साथ लखनऊ पूर्वी विधानसभा चुनाव कार्यालय का ...