मुंबई। देश के प्रतिष्ठित शहर मुंबई के पॉश इलाके में लोअर परेल के कमला मिल्स कंपाउंड में भीषण आग हादसे में लगभग 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से उन परिवारों की खुशियां जमघट जमघट में तब्दील हो गई। हादसे में लगभग 30 लोग आग से झुलस गये हैं। जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कमला मिल्स कंपाउंड में सेलेब्रेसन के लिए आये लोगों को खुशियां तो नहीं मिल सकीं। लेकिन कंपाउंड की भीषण आग ने उन घरों की खुशियों में आग जरूर लगा दी।
जश्न मनाने पहुंचे थे लोग
22 साल की यशा ठक्कर पहली बार गुजरात से मुम्बई में नए साल का जश्न मनाने आई थीं। उन्होंने जोर-शोर से 31 दिसंबर की तैयारियां की थी। यशा नए साल का स्वागत मुम्बई में करने के लिए एक्साइटेड थीं। कल रात यशा चचेरे भाई-बहन के साथ मोजो रेस्टोरेंट में डिनर करने गई थी। जहां आग लगने के बाद उनकी चचेरी बहन टॉयलेट में चले जाने से बच गई, लेकिन यशा आग की चपेट में आने से मौत की शिकार हो गई।
इसी तरह से बाबूलाल मेहता की 28 वर्षीय पोती खुशबू मेहता भंसाली जिसे घर में सब प्यार से खुशी बुलाते थे। वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए यहां अपने लगभग 17—18 दोस्तों के साथ आई थीं। लेकिन रात में आग लगने के बाद जान बचाने के लिए खुशबू और उनकी दोस्त किंजल मेहता शाह टॉयलेट में जा छिपे, जहां दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
प्रीति राजगरिया अपनी बेटी रुचि राजगरिया के साथ डिनर करने कंपाउंड के रेस्टोरेंट आई थी। जिसमें उनकी बेटी तो बच गई। लेकिन प्रीति की दम घुटने से मौत हो गई।
पुलिस ने मोजो रेस्टोरेंट के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। होटल मालिक समेत 3 लोगों पर एफआईआर में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने का मामला सामने आ रहा है।